बीजेपी विधायक को कार्यकर्ता ने याद दिलाया वादा:बोला-आपके जूते मेरे माथे रख देना, लेकिन लोगों की बातें सुन-सुनकर हमारे कान भर गए

राजसमंद में बुधवार को नाथद्वारा के विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ के सामने बीजेपी कार्यकर्ता का दर्द छलक गया। कार्यकर्ता ने चुनाव के समय बीजेपी की ओर से किया गया वादा याद दिलाया। विश्वराज सिंह आज नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के खमनोर ब्लॉक में तहसील भवन के लोकार्पण में पहुंचे थे। विश्वराज सिंह मंच पर मौजूद थे। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता डालचंद कागरेचा मंच के माइक पर क्षेत्र की समस्या पर बोलने लगे। कागरेचा ने कहा- हॉस्पिटल शिफ्ट नहीं होने की बात को लेकर चुनाव के समय जनता ने हमारा वीडियो बनाया था। हमारे पास वो वीडियो है। हमने वादा किया था कि खमनोर का हॉस्पिटल बाहर नहीं जाएगा। कागरेचा ने कहा- विधायक महोदय आपके जूते मेरे माथे रख देना, आप महाराणा हैं। कोई बात नहीं। लेकिन, लोगों की बातें सुन-सुनकर हमारे कान भर चुके हैं। यहां का हॉस्पिटल खमनोर से मोलेला चला गया। कोई बात नहीं, पर खमनोर के हॉस्पिटल पर ताले क्यों लटके हुए हैं? यहां की महिलाएं रात में हॉस्पिटल नहीं जा पाती हैं। हॉस्पिटल के रास्ते में अंधेरा है। खमनोर का हॉस्पिटल कुछ महीने पहले मोलेला में नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया। हॉस्पिटल शिफ्ट नहीं करने का था वादा
हॉस्पिटल की नई बिल्डिंग कांग्रेस के कार्यकाल में बनी थी। तब ये भी मुद्दा था कि हॉस्पिटल पुरानी बिल्डिंग से नई बिल्डिंग में शिफ्ट होगा तो खमनोर के लोगों के लिए थोड़ा दूर रहेगा। इसको लेकर भाजपा ने चुनाव प्रचार में कहा था कि हॉस्पिटल पुरानी बिल्डिंग में ही चलेगा। लेकिन, भाजपा के विश्वराज सिंह के चुनाव जीतने के बाद 5 महीने पहले हॉस्पिटल करीब 500 मीटर दूर मोलेला ग्राम पंचायत की जमीन पर नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो गया। अब यहां की जनता भाजपा का चुनाव के समय किए वादे का पुराना वीडियो दिखा रही है। …………… यह खबर भी पढ़ें… लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को कुलगुरु ने गद्दी पर बैठाया:मंत्रोच्चारण और शंखनाद के बीच रस्म निभाई; घोड़े की आरती उतारी, एकलिंगनाथजी के दर्शन किए मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को कुलगुरु डॉ. वागीश कुमार गोस्वामी ने बुधवार को गद्दी पर बैठाया। मंत्रोच्चारण और शंखनाद के बीच यह रस्म निभाई गई। इसके बाद लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने अपने कुलगुरु समेत तमाम संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया। पढ़ें पूरी खबर …

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *