पंजाब में आज सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पीआरटीसी और पंजाब रोडवेज के अस्थायी कर्मचारियों ने हड़ताल की। इस दौरान बस स्टैंड पूरी तरह बंद रहे। कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पंजाब बजट की कॉपियां भी फूंकी। उनकी प्रमुख मांग है कि अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाए। साथ ही नई बसें चलाई जाएं। कर्मचारी नेता गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। सरकार ने इस बार के बजट में भी नई बसों के लिए कोई प्रावधान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि किलोमीटर स्कीम के तहत बसें चलाई जा रही हैं, जिससे सिर्फ बड़े घरानों को फायदा हो रहा है। हड़ताल से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री अपने जरूरी काम के लिए बस स्टैंड पहुंचे, लेकिन बसें बंद होने के कारण वापस लौटना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए, ताकि बार-बार हड़ताल न हो और आम लोगों को परेशानी न हो।


