जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर राहुल नंदा के मकान पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपियों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस वारदात में काम लिए गए हथियार को रखने के मामले में एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस ने कार और हथियार को बरामद कर लिया। इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि आचित्य सिंह पंवार उर्फ हनी टाइगर (25) निवासी न्यू सांगानेर रोड और सद्दाम (27) निवासी फतेहपुर सीकर को गिरफ्तार किया है। सद्दाम के पास से हथियार बरामद हुआ है। वहीं इस वारदात में काम ली गई कार को भी बरामद कर लिया। गौरतलब है कि 29 नवंबर की रात को जवाहर नगर निवासी हिस्ट्रीशीटर राहुल नंदा के घर पर हनी टाइगर और कुलदीप गहलोत उर्फ कालू ने फायरिंग की थी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच जनों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसमें से फरार चल रहे हनी टाइगर और कालू की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा रखी थी। ऐसे में पुलिस ने हनी टाइगर को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन कालू की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। न हीं पुलिस के पास उसके बारे में कोई सूचना है। हनी को गिरफ्तारी से पहले कालू उसके साथ में था। उसके बाद से कालू फरार हो गया। वारदात के बाद दोनों सीकर गए वहां पर गाड़ी और हथियार सद्दाम के पास छोड़ गए थे। उसके बाद बाइक से जयपुर आए फिर उदयपुर चले गए। वहां से जयपुर आने के बाद पुलिस ने हनी को पकड़ लिया, लेकिन कालू फरार होने में कामयाब हो गया।


