बालोद जिले के श्री जगन्नाथ पैलेट प्लांट में 50 फीट ऊंचाई से गिरकर बिहार के एक मजदूर की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम की है। बताया जा रहा है कि श्रवण कुमार (42) को सुरक्षा बेल्ट पहनने की जानकारी नहीं थी। वह फेब्रिकेशन का कार्य कर रहा था और ऊंचाई पर काम करते समय फिसलकर नीचे गिर गया। दल्लीराजहरा स्थित प्लांट में घटना के बाद मजूदरों के दो अलग-अलग गुटों ने प्रदर्शन किया। हादसे को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार सुबह हालात और बिगड़ गए जब धरना दे रहे मजदूरों के पंडाल को दूसरे पक्ष ने आग के हवाले कर दिया और मारपीट शुरू हो गई। इस बढ़ते तनाव को देखते हुए राजहरा पुलिस के अलावा आसपास के थानों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है। प्रदर्शन में एक गुट उन मजदूरों का था, जिन्हें पहले प्लांट से निकाला गया था और जो अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे थे। दूसरा गुट धोबेदंड गांव के वे मजदूर थे, जो अभी प्लांट में काम कर रहे हैं। माहौल और गरमाने की आशंका फैक्ट्री क्षेत्र और आसपास के गांवों में भारी तनाव व्याप्त है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस घटनाक्रम को देखते हुए मजदूर यूनियन के बड़े नेता भी मौके पर पहुंच रहे हैं, जिससे माहौल और गरमाने की आशंका जताई जा रही है। बिहार का रहने वाला था मृतक मजदूर मृतक मजदूर का नाम श्रवण कुमार साहू (उम्र 42 वर्ष) है। वह मूल रूप से बिहार के मांगी, थाना नबीनगर, जिला औरंगाबाद का निवासी था और प्लांट के गेट क्रमांक 1, कोविड सेंटर, कोन्डे माइंस रोड पर रह रहा था। परिवार वालों के आने का इंतजार जानकारी के मुताबिक, गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत ज्योति अस्पताल, चिखलाकसा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस भेज दिया गया, लेकिन अंदरूनी चोट के कारण उसकी स्थिति बिगड़ने लगी और रास्ते में मौत हो गई। फिलहाल राजहरा पुलिस ने शव को फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया है। परिवार का इंतजार किया जा रहा है। परिजन के आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।


