खनन क्षेत्र जिले उदयपुर, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (पीएमकेकेकेवाई) के तहत स्थापित जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) द्वारा सितंबर 2024 तक 1468 परियोजनाएं स्वीकृत की गईं। इन पर 296 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। यह जानकारी कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत के बुधवार को संसद में पूछे गए सवाल के जवाब में दी। सांसद डॉ. रावत ने पूछा कि पीएमकेकेकेवाई के तहत विशेषकर राजस्थान में कार्य किया जा रहा है तो वहां के उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जिले से संबंधित ब्योरा क्या है? इस पर कोयला एवं खान मंत्री रेड्डी ने बताया कि राज्य सरकार से प्राप्त सूचना के मुताबिक उक्त तीनों जिलों सहित राज्य के 33 जिलों में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) स्थापित किए गए हैं। नए जिले सलूंबर में अभी तक अलग से डीएमएफटी ट्रस्ट की स्थापना नहीं की जा सकी है, इसलिए वर्तमान में इसे डीएमएफटी उदयपुर के अधीन संचालित किया जा रहा है। जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) को खनन पट्टाधारकों से प्राप्त वैधानिक अंशदान द्वारा वित्तपोषित किया जा रहा है। केंद्र सरकार या राज्य सरकारों की ओर से डीएमएफ को बजट आवंटन का कोई प्रावधान नहीं है।


