भास्कर न्यूज | खड़गपुर पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत गुड़गुड़ीपाल थाना के गोपगढ़ इलाके में शिकार उत्सव के दौरान जंगल में शिकारियों के प्रवेश निषेध के लिये वन विभाग व पुलिस ने नाका चेकिंग प्वाइंट बनाया। जिससे शिकारियों को जंगल में प्रवेश करने से रोका जाये और उन्हें शिकार करने से रोका जाये। मालूम हो कि 3 अप्रैल से जामशोल इलाके में आदिवासी समुदाय का शिकार उत्सव प्रारंभ हुआ। शिकारी किसी भी तरह से जंगल में प्रवेश ना कर सके और वन प्राणियों का शिकार करके उनकी हत्या ना कर सके। गोपगढ़ इलाके से जंगल के बीच से गुजरने वाली मुख्य सड़क को रस्सी बांधकर घेर दिया गया। पुलिस और वन कर्मी जंगल के आसपास छावनी बनाकर जंगल पर कड़ी नजर रख रहे हैं। वाहनों की तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध लोगों से कड़ी पूछताछ की गयी। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकार उत्सव के दौरान वन प्राणियों की हत्या को रोकने के लिये लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया। लाउडस्पीकर के माध्यम से शिकारियों को सचेत भी किया जा रहा है कि वे वन विभाग के कानून का उल्लंघन ना करे और शिकार उत्सव के नाम पर वन प्राणियों की हत्या ना करें। इस मामले में अगर कोइ भी शख्स दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


