अमृतसर| बीएसएफ की इंटेलिजेंस विंग ने एक तस्कर को काबू करके 554 ग्राम हेरोइन की खेप और एक मोबाइल बरामद किया है। बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि बुधवार को नशा तस्करी की सूचना मिली। इस पर बीएसएफ और पुलिस ने तरनतारन जिले में संयुक्त घेराबंदी की। शाम करीब 8:20 बजे खेत में संदिग्ध हलचल दिखी। घेराबंदी दल को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक पैकेट मिला। इसमें 554 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पैकेट पीले रंग की टेप से लपेटा था। इसमें तांबे की तार की रिंग लगी थी, जिससे ड्रोन से गिराए आने की पुष्टि होती है। पकड़ा गया तस्कर तरनतारन जिले के गांव माड़ी कंबोके का रहने वाला है। उसे गांव डलहेड़ी के पास पकड़ा गया। पूछताछ के लिए उसे स्थानीय पुलिस को सौंपा गया है।


