जिस तरह बॉलीवुड में वैजयंती माला, हेमा मालिनी, रेखा, श्रीदेवी, ऐश्वर्या रॉय बच्चन, दीपिका पादुकोण जैसी दक्षिण भारत की अभिनेत्रियों की फिल्में पसंद की जाती हैं, वैसे ही दक्षिण भारत में अनुष्का शेट्टी, काजल अग्रवाल, तमन्ना भाटिया, खुशबू, भूमिका चावला, हंसिका मोटवानी, श्रिया सरन जैसी उत्तर भारत की लड़कियां हिट हैं। झॉलीवुड में भी लोकल अभिनेत्रियों की तुलना में अब बाहर की लड़कियों को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। पिछले दो सालों में रिलीज पांच फिल्मों को देखें तो सारी हीरोइन बंगाल और असम की थीं। इसके साथ राजस्थान और मुंबई की हीरोइन भी नागपुरी फिल्मों में काम कर रही हैं। आने वाली फिल्मों में भी बाहर की अभिनेत्रियों को ही कास्ट किया जा रहा है। झॉलीवुड के डायरेक्टर-राइटर रंजू मिंज मानते हैं कि दर्शक नए चेहरों को पसंद करते हैं, इसलिए बाहर की लड़कियों को ज्यादा फिल्मों में काम मिल रहा है। चूंकि, वे ज्यादा प्रोफेशनल होती हैं, इसलिए उनके साथ काम करना आसान होता है। डुअर्स व चाय बागान के दर्शकों को जोड़ने के लिए कास्टिंग इसी महीने रिलीज हो रही नागपुरी फिल्म ‘नायका : रेवेंज ऑफ लव’ में असम की तृष्णा तांती ने काम किया है। इस फिल्म के डायरेक्टर बिनोद महली ने बताया कि यहां की जितनी अभिनेत्रियां हैं, सभी एलबम में काम करती हैं, जिन्हें दर्शक देखते ही रहते हैं, इसलिए बाहर की लड़कियों को लेने से फ्रेशनेस बना रहता है। वहीं, मार्केटिंग के नजरिए से देखें तो डुअर्स व असम के चाय बागान में बड़ी संख्या में नागपुरी भाषी लोग रहते हैं और फिल्में देखते हैं। उन्हें आकर्षित करने के लिए भी वहां की हीरोइन को ले रहे हैं। निर्देशक राजीव सिन्हा कहते हैं कि बाहर के साथ यहां की अभिनेत्रियां भी टैलेंटेड हैं, उन्हें भी काम मिल रहा है। अभिनेता विवेक नायक ने बताया कि लोकल हीरो को लोग पसंद कर लेते हैं, लेकिन हीरोइन के रूप में नया फेस देखना चाहते हैं, इसलिए वहां की अभिनेत्रियों के साथ काम करते हैं। मेरी फिल्म ‘मोर सनम’ डुअर्स में रिलीज हुई, जिसकी हीरोइन वहीं की अर्पिता दास हैं। इसके साथ ही आने वाली फिल्म ‘लोकल हीरो’ में राजस्थान की मुस्कान मूलचंदानी, ‘करण वीर’ में डुअर्स की पूजा, ‘आदिवासी गर्ल-2’ में अर्पिता दास काम कर रही हैं। अधिकतर फिल्मों में झारखंड की अभिनेत्रियां सपोर्टिंग कास्ट में नजर आईं 2024 में ही रिलीज निर्देशक अशोक महतो की ‘पंचायत कर खेला’ में बंगाल के डुअर्स की अर्पिता दास ने काम किया था। अनमोल खलखो की ‘खोटा सिक्का : फन अनलिमिटेड’ में भी अन्य हीरोइन के साथ अर्पिता दास थीं। वहीं, विशाल वर्मा की ‘आई लव यू’ में अमृता पाल ने काम किया था। इन फिल्मों में झारखंड की अभिनेत्रियां सपोर्टिंग कास्ट में नजर आईं। ‘नासूर’ में चित्रा मुखर्जी, ‘जतरा’ में गीत छेत्री दिखीं 2023 में एक नागपुरी फिल्म रिलीज हुई थी ‘नासूर’, जिसके निर्देशक थे राजीव सिन्हा। इस फिल्म की हीरोइन चित्रा मुखर्जी कोलकाता की रहने वाली हैं। 2014 में 4 फिल्में रिलीज हुईं और सभी की हीरोइन झारखंड से बाहर की ही हैं। रंजू मिंज की ‘जतरा एक प्रेम कथा’ में असम की गीत छेत्री ने काम किया था।


