भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद से 5 किलोमीटर दूर ग्राम मचेवा स्थित शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को एलुमनी एसोसिएशन की बैठक हुई। इस दौरान महाविद्यालय के अधोसंरचना विकास में एलुमनी के सहयोग के बारे में चर्चा की गई। अमृत चोपड़ा ने कहा कि हमारी एलुमनी समिति का उद्देश्य महाविद्यालय के सर्वागींण विकास में पूर्ण सहयोग प्रदान करना है। जिले का यह अग्रणी महाविद्यालय है, इसलिए समिति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बढ़ जाती है। सदस्यों की संख्या का विस्तार होना चाहिए, जिसके लिए हम सबको प्रयास करना होगा। एलुमनी ने एजेंडावार निर्णय लिया कि 24 अप्रैल को महाप्रभु वल्लभाचार्य जयंती पर समिति पूजन का आयोजन करेगा। 2024-25 के त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव, आचार संहिता, वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षा के कारण एलुमनी समिति की आमसभा नहीं हो पाई। आगामी आम सभा नवंबर 2025 में करने का निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए नवीन पाठ्यक्रम के अनुसार सदस्यों ने पुस्तक उपलब्ध कराने सहमति बनाई। पीएचडी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों का एलुमनी सदस्यों के रूप में पंजीयन करने एलुमनी सदस्यों की संख्या को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर राजकुमार राठौर, दुर्गावती भारतीय, मनीष शर्मा, अजय कुमार राजा, देवीचंद राठी, घनश्याम सोनी, महेश मक्कड़, मनीराम बंसल, भरत साहू, नियति अग्रवाल, संजय एक्का, गुलाब ठाकुर, प्रभा पंडा, गुप्तेश नामदेव, चितेश्वरी साहू मौजूद थी।


