राष्ट्रीय स्तर की 25वीं रोप स्किपिंग प्रतियोगिता 12 से 15 दिसंबर तक चंडीगढ़ (पंचकूला) में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राजस्थान की 12 सदस्यीय टीम मंगलवार को रवाना हुई। इस प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर, सीनियर पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टीम में जोधपुर, पाली, नागौर और बीकानेर के खिलाड़ी शामिल हैं, जो विभिन्न वर्गों में अपने प्रदर्शन से पदक जीतने का प्रयास करेंगे। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती है। अध्यक्ष प्रवीण मैढ़ ने भरोसा जताया कि राजस्थान के खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाएंगे। प्रतिभागी खिलाड़ी और निर्णायक : प्रतियोगिता में राजस्थान से मोहित पुरोहित, मुकेश गोदारा, संगीता गोदारा, दर्श्थ, आरव, हर्षित, अध्यन्न राज सिंह, दिव्यांशु, और नितिन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टीम के साथ प्रशिक्षक और प्रबंधक के रूप में कैलाश विश्नोई और दीपक तिवारी मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त, राजस्थान से एकमात्र निर्णायक कृष्ण चंद पुरोहित भी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस अवसर पर अजित सिंह, राजेश रंगा, हरि नारायण आचार्य, अनुराधा, सुनीता तिवारी, घनश्याम स्वामी समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। निर्णायक कृष्ण चंद पुरोहित ने बताया कि राजस्थान टीम के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद के साथ यह प्रतियोगिता राज्य के रोप स्किपिंग खेल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। टीम का विदाई समारोह राजस्थान रोप स्किपिंग संघ के अध्यक्ष प्रवीण मैढ़ ने खिलाड़ियों को ट्रैक सूट वितरित किए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पदक विजेताओं को इनामी राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। मैढ़ ने कहा, यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इस बार राजस्थान से 12 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। हमें उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे।


