केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से विद्युत निगमों के किए जा रहे निजीकरण के विरोध में राजस्थान विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से चलाए जा रहे प्रदेश व्यापी विरोध प्रदर्शन के क्रम में बुधवार को बाड़मेर जिले के विभिन्न कार्यालयों में सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्य स्थल पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही सोशल मीडिया पर अभियान चलाकर निजीकरण को बंद करने की मांग की। राजस्थान विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित विरोध प्रदर्शन में बाड़मेर जिले के संयोजक सहायक अभियंता उम्मेदाराम चौधरी ने कहा कि जब तक सरकार निजीकरण के कदम को रोकेगी नहीं तब तक डिस्कॉम कार्मिकों का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आरवीटीकेए के जिलाध्यक्ष रमेश पंवार ने कहा कि आज जिले भर में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। अधीक्षण अभियंता कार्यालय में किए गए प्रदर्शन में अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता बाड़मेर व गुड़ामालानी, प्रावैधिक सहायक प्रतापाराम विश्नोई, सहायक लेखाधिकारी बंशीधर पंवार, अमित कुमार, मोतीलाल, लिखमाराम हुड्डा, पूर्णिमा प्रसाद, दीपिका अग्रवाल, गायत्री शर्मा, पूनाराम वाघेला, बजरंग रोज सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले के संयोजक सहायक अभियंता उम्मेदाराम चौधरी ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन के क्रम में 16 दिसंबर को प्रबंध निदेशक कार्यालय जोधपुर में बड़ा प्रदर्शन होगा। इसमें जिले भर के डिस्कॉम कर्मचारी व अधिकारी शामिल होंगे।


