कांग्रेस से निष्कासित किए गए पूर्व MLA बृहस्पत सिंह ने पार्टी में वापसी के लिए माफीनामा भेजा है। बृहस्पत सिंह ने दैनिक भास्कर से हुई बातचीत में कहा कि वे TS सिंहदेव से मिलकर माफी मांगेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के खिलाफ बयानबाजी के बाद वे निष्कासित किए गए थे। बृहस्पत सिंह का कहना है कि मुझसे चूक हुई है, जो भी बातें मैंने उनके खिलाफ कही, वो सार्वजनिक तौर पर नहीं कहनी थी। उनसे मिलकर गिले-शिकवे दूर करेंगे। वहीं जोगी परिवार के कांग्रेस में शामिल होने पर भी कहा कि, जोगी परिवार के खून में ही कांग्रेस है। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल- कांग्रेस में वापसी की आपकी तरफ से क्या कोशिश है की गई है? जवाब- कोशिश संगठन कर रही है। जो लोग प्रभावित हैं, अगर उनका मन होता है कि हमें कांग्रेस में जाना चाहिए तो जा रहे हैं। मैं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज को बधाई देता हूं, जिन्होंने इसकी पहल की है। यह प्रक्रिया लोकसभा चुनाव के पहले होनी थी क्योंकि निश्चित ही इसका फायदा मिलता लेकिन चूक हो गई और इसका खामियाजा भी हमें भुगतना पड़ा। कोई किसी कारण से पार्टी छोड़कर जाए या दूसरी पार्टी बना ले या फिर निष्कासित हो जाए उन्हें वापस लाने पर कांग्रेस ही एकजुट होगी। सवाल- लेकिन आपका मसला पार्टी के विरुद्ध काम करने को लेकर नहीं था बल्कि पार्टी के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के खिलाफ बयानबाजी का था। ऐसे में आप क्या करने वाले हैं? जवाब- निश्चित रूप से मुझसे चूक हुई है। इसके लिए मैं क्षमा प्रार्थी हूं। मैं अपने नेताओं से क्षमा मांगूंगा। पत्र भी भेज रहा हूं। मैं चाहता हूं कि सभी एकजुट हो जाएं। फिर हमारी वापसी हो और सरकार की वापसी हो। सवाल- माफी केवल पार्टी फोरम में ही माफी मांगने वाले हैं या फिर टीएस सिंहदेव के पास भी माफी मांगने जाएंगे? जवाब – हमारे जो भी वरिष्ठजन है अगर वे मेरी बातों से आहत हुए होंगे। उन्हे ठेस पहुंची होगी। उनको मुझसे कोई तकलीफ हुई होगी तो वे हमारे बड़े लोग हैं। हमारे वरिष्ठ लोग हैं। उनसे क्षमा मांगने में कोई बुराई नहीं है। सवाल – टीएस सिंहदेव सरगुजा से हैं। आप भी सरगुजा में रहते हैं तो क्या इतने समय तक कभी उनकी और आपकी कोई बातचीत नहीं हुई? जवाब – जब से सरकार गई पिछले 1 साल से हम विधानसभा चुनाव के बाद अपने-अपने काम में व्यस्त रहे। मुलाकात भी नहीं हुई और ना ही बात हुई। एकाध बार ट्रेन से आते-जाते दुआ-सलाम जरूर हुआ लेकिन राह चलते ऐसी बातें नहीं हो सकती थी। उनके साथ हम बैठेंगे, वे हमारे वरिष्ठ नेता हैं, हमारे जिले के राजा महाराजा हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी उनसे हमारे संबंध रहे हैं। किसी कारणवश भूल से राजनीतिक कारणों से कोई बात हुई है तो हम एक-दूसरे के साथ बैठकर अपने गिले-शिकवे दूर करेंगे। सवाल – टीएस सिंहदेव कह रहे हैं कि केवल माफी की बात नहीं है बल्कि भावनाएं होनी चाहिए। जवाब – वे नाराज हैं, उनसे मिलेंगे बात करेंगे क्षमा याचना करेंगे वह हमारे वरिष्ठ हैं, वे जरूर मानेंगे। मुझे पूरा यकीन है। सवाल – क्या पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेताओं से आपकी बात हुई है। क्या भूपेश बघेल और दीपक बैज के टच में हैं? जवाब – बातें सबसे चल रही है और उन्होंने कहा है कि आप आवेदन दीजिए हम विचार करेंगे। सवाल – कांग्रेस में जब नेताओं की वापसी हो रही है, तब जोगी परिवार की भी वापसी की चर्चा है। अमित और रेणु जोगी की वापसी को लेकर क्या कहेंगे? जवाब – वे मूल रूप से कांग्रेसी हैं। उनके खून में कांग्रेस है, जहां भी जाएं वापस कांग्रेस में ही आना है इसलिए कमेटी बनी हुई है। कमेटी उनके आवेदन पर विचार करेगी। एकता में ही बल है और एकता में ही हम सत्ता में वापसी करा सकते हैं। सवाल – पार्टी को माफी नामा भेजेंगे उसके बाद क्या आप टीएस सिंहदेव से व्यक्तिगत रूप से मिलने जाएंगे। जवाब – बिल्कुल मिलेंगे वह हमारे वरिष्ठ हैं हमारे अभिभावक हैं इसलिए उनसे जरूर मिलने जाऊंगा। टीएस सिंहदेव ने कहा- सॉरी की जरूरत नहीं बृहस्पत सिंह की वापसी को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि इसका निर्णय कांग्रेस की कमेटी करेगी। बृहस्पति सिंह द्वारा माफी मांगने को लेकर सिंहदेव ने कहा कि बृहस्पति सिंह से बात नहीं हुई है। उन्होंने जो कहा था, बेहद आपत्तिजनक और अस्वीकार्य था। वे मन से मान लें, कि गलती हुई है तो सॉरी कहने की जरूरत नहीं है।


