धमतरी में एक खेत में स्थित ट्रांसफॉर्मर के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला। शव औंधे मुंह पड़ा हुआ था। स्थानीय किसानों ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत होने की आशंका जताई गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अन्तर्गत सोरिद खार का है। सूचना मिलने के बाद अर्जुनी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस भी ट्रांसफार्मर के पास जाने से डर रही थी। उन्होंने बिजली विभाग को सूचित किया, लेकिन बिजली विभाग की टीम दो घंटे लेट आई। ट्रांसफार्मर के नीचे पड़े शव को बाहर निकाला गया इस वजह से शव को बाहर निकालने में रात हो गई। इसके बाद बिजली विभाग की टीम ने करंट सप्लाई को चेक किया और ट्रांसफार्मर के नीचे पड़े शव को बाहर निकाला। शव को रक्तदान एंबुलेंस के जरिए पुलिस ने जिला अस्पताल की मर्चुरी में भेज दिया। मृतक की पहचान 58 वर्षीय राजेश रजक के रूप में हुई है, जो सुबह करीब 6 बजे अपने घर से निकला था। उनके परिजनों ने उनकी खोजबीन की थी और रात को शव मिलने की सूचना मिली। शव की जांच करते हुए यह पाया गया कि मृतक के हाथों पर जलने के निशान थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि राजेश रजक की मौत करंट लगने से हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


