जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के पंडरापाठ चौकी के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में खखरा गांव निवासी अजय साहू की मौके पर मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और विपरीत दिशा से आ रही थी। पंडरापाठ के पास मोड़ पर दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि दोनों बाइक बुरी तरह चकनाचूर हो गए। वहीं सभी बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा हादसे की सूचना मिलने पर पंडरापाठ चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। तीनों घायलों की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है। बगीचा थाना प्रभारी संतलाल आयाम ने कहा, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाने की वजह से यह दुर्घटना हुई है। मृतक अजय साहू खखरा का निवासी था। मामले की जांच जारी है।


