20वें जयपुर ज्वेलरी शो का भव्य शुभारंभ:रत्न और आभूषण उद्योग को मिलेगा नया आयाम, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया उद्घाटन

जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को 20वें जयपुर ज्वेलरी शो (JJS) का उद्घाटन किया गया। इस चार दिवसीय शो में शामिल होने देश-विदेश के हजारों विजिटर्स जयपुर पहुंच रहे हैं। राजस्थान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के रत्न और आभूषण उद्योग का राज्य की जीडीपी में 17% योगदान है। उन्होंने जयपुर में विश्वस्तरीय जेम बोर्स स्थापित करने के महत्व पर जोर देने और राज्य सरकार के समर्थन का आश्वासन दिया। राठौड़ ने जयपुर एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ की जगह पर दिल्ली के भारत मंडपम जैसी कन्वेंशन सुविधा विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने घरेलू अवसरों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता की बात कही। उन्होंने वैश्विक बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन को व्यवस्थित करने के लिए टेक्नोलॉजी का लाभ उठाने के महत्व पर बल दिया। इसके अतिरिक्त, विश्वास निर्माण करने तथा वैश्विक अपील बढ़ाने के लिए स्टोरी टेलिंग तथा प्रत्येक उत्पाद की प्रामाणिकता प्रदर्शित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। नेशनल जेम्स एंड ज्वेलरी काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन प्रमोद डेरेवाला ने जयपुर के उद्योग संरचना की प्रशंसा करते हुए बताया कि यहां दो स्पेशल इकोनॉमिक जोन्स, एक एक्सपोर्ट प्रमोशन इंडस्ट्रियल पार्क, जेम्स एंड ज्वेलरी इंस्टीट्यूट और वर्ल्ड क्लास लेबोरेटरी मौजूद हैं। जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के रीजनल चेयरमैन निर्मल कुमार बरड़िया ने बताया कि प्रस्तावित जेम बोर्स 43,828 वर्ग मीटर में बनेगा और यह 60,000 लोगों के लिए रोजगार सृजित करेगा। 20वें JJS की खासियत
JJS के मानद सचिव राजीव जैन ने बताया कि इस साल शो में 1,200 से अधिक बूथ लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार का शो रूबी पर केंद्रित है, जो नवरत्नों में प्रमुख है। शो ज्वेलरी डिजाइनर्स और छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।
इस मौके पर प्रमोद डेरेवाला, संयम मेहरा, और अन्य प्रमुख व्यक्तित्व मौजूद रहे। शो के प्रवक्ता अजय काला ने बताया कि JJS एक ऐसा मंच है, जहां परंपरा और आधुनिकता का अद्वितीय संगम देखने को मिलता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *