हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के झारखंड बिहार सीमा पर अवस्थित पोलडीह पंचायत में उच्च विद्यालय 1960 में ग्रामीणों के अथक प्रयास से स्थापित हुआ है। इस विद्यालय में झारखंड बिहार के काफी संख्या में बच्चे पढ़ाई करते हैं। इस विद्यालय को +2 का दर्जा दिलाने के लिए कई बार स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पलामू सांसद व विधायक को लिखित आवेदन दिया। किंतु अबतक पोलडीह उच्च विद्यालय को +2 का दर्जा नहीं मिला। स्थानीय पोलडीह पंचायत के पूर्व मुखिया अभय कुमार सिंह उर्फ टुना सिंह, समाजसेवी कृष्णा बैठा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवनाथ राम, शिवलोक सिंह, जयेंद्र सिंह, अजय सिंह, मुकेश सिंह, विंध्याचल सिंह, युगलाल राम, विनोद पासवान, राकेश पाल, पवन पासवान सहित कई ग्रामीणों ने कहा कि 20 किलोमीटर के दायरे में कोई उच्च शिक्षा के लिए +2 विद्यालय नहीं है। इस क्षेत्र के बच्चे को काफी दुरी तय कर इंटर व बीए की पढ़ाई के लिए जाना पड़ता है। पूर्व मुखिया अभय सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पलामू सांसद के दौरे के क्रम में ग्रामीणों ने उनसे आग्रह किया था कि पोलडीह उच्च विद्यालय को +2 विद्यालय का दर्जा दिलाई जाए। सांसद ने ग्रामीणों के बीच हामी भी भरी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 व 13 में मुखिया के कार्यकाल में विद्यालय तक जाने के लिए सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज वह भी सड़क कीचड़ व गड्ढे में तब्दील हो गया है।