भास्कर न्यूज | दोरनापाल सुकमा जिले के केरलापाल इलाके के उपमपल्ली में बीते 29 मार्च को हुई मुठभेड़ का विरोध करते हुए नक्सलियों ने 7 अप्रैल को बंद का ऐलान किया है। मालूम हो कि इस मुठभेड़ में 17 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया था। मुठभेड़ के विरोध में नक्सलियों ने दरभा डिवीजन के दायरे में आने वाले सुकमा, दंतेवाड़ा और बस्तर जिले में बंद बुलाया है। नक्सलियों के दरभा डिवीजनल कमेटी के प्रवक्ता साईंनाथ के हवाले से जारी प्रेसनोट में कहा है कि ऑपरेशन कगार के जरिए सरकार आदिवासियों व नक्सलियों की हत्या कर रही है। उपमपल्ली मुठभेड़ में मारे गए जगदीश उर्फ बुद्राल, रोशन उर्फ वेट्टी और सवलम जोगी के मारे जाने की पुष्टि की। नक्सली प्रवक्ता साईनाथ ने कहा कि तीनों नक्सलियों ने बस्तर में नक्सलवाद की जड़ें मजबूत की हैं।


