कैंट क्षेत्र में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। लालकुर्ती क्षेत्र में नया पार्क आकार लेने जा रहा है। इसके लिए एजेंसी तय हो गई है। लालकुर्ती के बीआई बाजार इलाके के डेढ़ एकड़ क्षेत्र में पार्क का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है। अमृत मिशन 2.0 के तहत 45 लाख रुपए की लागत से यह प्रोजेक्ट पूरा होगा। कैंट क्षेत्र में पहले से अलग-अलग स्थानों पर 4 पार्क हैं। यह पांचवां पार्क बनने जा रहा है। कैंट के सिविल एरिया के मर्जर की प्रक्रिया से अलग पार्क व वाटर सप्लाई जैसे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। निगम के पार्कों से ज्यादा व्यवस्थित हैं यहां के पार्क कैंट क्षेत्र में जॉगर्स पार्क, राजीव गांधी पार्क, संजीवनी पार्क व क्रिएटिव पार्क हैं। नगर निगम के पार्कों की तुलना में कैंट क्षेत्र के पार्क ज्यादा व्यवस्थित व स्वच्छ हैं। स्वच्छता अभियान के तहत इन पार्कों के रखरखाव पर ज्यादा फोकस रहता है। जॉगर्स व राजीव गांधी पार्क में सुबह-शाम बच्चों को लेकर लोग बड़ी तादाद में पहुंच रहे हैं। कोरोनाकाल में अटक गया था कैंट का विकास कैंट क्षेत्र का विकास कार्य कोरोना काल में अटक गया था। यहां पुराने प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। सीईओ मनीषा जाट के आने के बाद से काम में तेजी आई है। पहले वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट पर काम हुआ। अब पार्क बनने जा रहा है। पुराने निर्माण कार्यों को भी आगे बढ़ाने के लिए प्रक्रिया चल रही है। कैंट के इंजीनियर मिलिंद सिंह ने बताया कि लालकुर्ती में बनने जा रहे पार्क में वे तमाम सुविधाएं होंगी, जो कि अन्य पार्कों में रहती हैं। जिम, झूले, फिसलपट्टी व म्यूजिक सिस्टम रहेगा।


