भास्कर न्यूज | कवर्धा प्रयास स्पोर्ट्स अकेडमी के अंतर्गत बेसबॉल और सॉफ्टबॉल का ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर 1 अप्रैल से शुरू हुआ। शिविर का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यह शिविर 15 जून तक चलेगा। इसमें नए खिलाड़ियों को हिटिंग, पिचिंग, कैचिंग, फील्डिंग, रनिंग और फिटनेस की ट्रेनिंग दी जा रही है। प्रशिक्षण छीरपानी कॉलोनी मैदान में हो रहा है। अकेडमी पिछले 12 वर्षों से लगातार प्रशिक्षण दे रही है। अब तक 4 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 317 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर और 490 खिलाड़ी राज्य स्तर पर चयनित हुए हैं। इनमें से कई खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। शिविर में प्रशिक्षक राजा जोशी, भूपेंद्र गढ़े और रवींद्र साहू खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। शिविर में नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, डीएफओ शशि कुमार, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी दिनेश साहू, पार्षद सुनील साहू ने हर्ष जताया है। 29 मई से 2 जून तक सॉफ्टबॉल टूर्नामेंट प्रशिक्षक राजा जोशी ने बताया कि 29 मई से 2 जून तक जूनियर सॉफ्टबॉल का नेशनल टूर्नामेंट चंडीगढ़ में होगा। इसमें छत्तीसगढ़ की बालक और बालिका टीम भाग लेगी। इसके लिए चयन ट्रायल 13 से 15 अप्रैल के बीच संभावित है। खिलाड़ियों को इसी के लिए तैयार किया जा रहा है। दिल्ली में 22 से 27 अप्रैल तक शालेय जूनियर बेसबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता होगी। इसमें कबीरधाम से भावेश चंद्रवंशी का चयन हुआ है। छत्तीसगढ़ की टीम 19 अप्रैल को बिलासपुर से रवाना होगी।


