जोधपुर में स्टोन कटिंग यूनिट के ऑफिस में घुसकर हथियारबंद 4 बदमाशों ने एक हिस्ट्रीशीटर के दोनों हाथ काट दिए। एक हाथ कोहनी के पास से पूरी तरह अलग हो गया, जबकि दूसरे हाथ पर दो कट लगाए, कोहनी और कलाई के पास से हाथ काट दिया। घटना जिले के बालेसर थाना इलाके के कुई गांव में शुक्रवार शाम 6.30 बजे हुई। पहले कार को टक्कर मारी, फिर ऑफिस में घुसकर हाथ काटे बालेसर थाना इंचार्ज नरपत दान रतनू ने बताया- थाना इलाके के बेलवा गांव में रहने वाला युवक भवानी सिंह इंदा (30) शुक्रवार शाम कैंपर कार लेकर इंदा ग्राम पंचायत के कुई गांव पर स्टोन कटिंग यूनिट पर गया था। वह बालेसर थाने का हिस्ट्रीशीटर रहा है और 20 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। शुक्रवार शाम 6 बजे बोलेरो कैंपर में आए 4 बदमाशों ने भवानी सिंह की कैंपर कार को टक्कर मारी। भवानी सिंह उन्हें देख कार से उतर कर यूनिट के ऑफिस की तरफ भागा। पीछे-पीछे हमलावर भी उसके पीछे ऑफिस में घुसे। बदमाशों के पास धारदार हथियार थे। ऑफिस में घुसकर बदमाशों ने भवानी सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए। धारदार हथियार से शरीर पर दर्जनों वार किए। ऑफिस के फर्श पर पूरी तरह खून बिखरा मिला। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। इसकी सूचना किसी ने बालेसर पुलिस को दी। बालेसर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक भवानी सिंह को हॉस्पिटल ले गई, जहां से उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। 20 दिन पहले जेल से छूटा था भवानी सिंह जानकारी के अनुसार भवानी सिंह जोधपुर के शेरगढ़ और बालेसर थाने का हिस्ट्रीशीटर रहा है। उसने पिछले साल 4 जुलाई 2023 को कुई सरपंच तिलोक सिंह पर जानलेवा हमला किया था। शेरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ था। वारदात के बाद वह फरार हो गया था। बालेसर पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम रखा था। जोधपुर डीएसपी और बालेसर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बालेसर थाना इलाके के चाबा गांव में छुपे भवानी सिंह को पकड़ने पुलिस पहुंची तो उसने फायरिंग कर दी थी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी थी। शेरगढ़ सीएचसी में उसका इलाज कराया गया था। बेलवा गांव निवासी भवानी सिंह बालेसर पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर रहा है। उसके खिलाफ बालेसर और शेरगढ में कई मामले दर्ज रहे हैं।


