पुलिस कर्मियों के नए सैलरी पैकेज के लिए आज राजस्थान पुलिस और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के बीच एमओयू हुआ। सीएमआर में सीएम भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में एडीजी आयोजना डॉ प्रशाखा माथुर और एसबीआई की महाप्रबंधक नेटवर्क रितु गौड़ ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। नए सैलरी पैकेज से पुलिसकर्मियों को ऑन ड्यूटी और ऑफ ड्यूटी में मिलने वाले लाभ पुराने सैलरी पैकेज से दोगुने होंगे। इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण की दिशा में किया गया यह एमओयू अहम कड़ी साबित होगा। राज्य सरकार आने वाले समय में राजस्थान पुलिस के कार्मिकों के कल्याण के लिए ओर भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी। सवा लाख पुलिसकर्मियों को मिलेंगे दोगुने लाभ
नए सैलरी पैकेज में कांस्टेबल से लेकर डीजी रैंक के पुलिस कार्मिकों को दोगुने लाभ मिलेंगे। प्रदेश में करीब सवा लाख की पुलिस नफरी हैं। पहले पुलिसकर्मी की दुर्घटना में मौत होने पर बैंक की ओर से 65 लाख रुपए दिए जाते थे। लेकिन नए पैकेज में अब दुर्घटना में पुलिसकर्मी की मौत होने पर 1 करोड़ 20 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। इसी तरह से स्थाई विकलांगता की दशा में 1 करोड़ 10 लाख रुपए, स्थाई आंशिक विकलांगता पर 80 लाख रुपए का परिलाभ दिया जाएगा। वहीं हवाई यात्रा में दुर्घटना होने पर 2 करोड़ 70 लाख रुपए, प्लास्टिक सर्जरी अथवा बर्न के प्रकरणों में 10 लाख रुपए, एयर एम्बुलेंस के लिए 10 लाख रुपए व एम्बुलेंस के लिए 50 हजार रुपए का भुगतान होगा। ये समस्त परिलाभ ऑन ड्यूटी एवं ऑफ ड्यूटी दोनों स्थितियों में देय होंगे। बैंक देगा 50 लाख की सहायता
इस अवसर पर एसबीआई की महाप्रबंधक नेटवर्क रितु गौड़ ने कहा कि एसबीआई द्वारा मुख्यमंत्री सहायता कोष में 20 लाख रुपए एवं राजस्थान पुलिस कल्याण निधि में 30 लाख रुपयए की सहायता राशि देगा। इस दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, पुलिस महानिदेशक यू.आर.साहू, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आनंद कुमार, पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं हेमन्त प्रियदर्शी, पुलिस महानिदेशक इंटेलिजेंस संजय कुमार अग्रवाल सहित पुलिस विभाग एवं एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


