सौर ऊर्जा से विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नीमच जिला लगातार देश प्रदेश में ख्याति हासिल कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा जिले के सुसनेर में आयोजित कार्यक्रम में 880 मेगावॉट क्षमता की नीमच-आगर सौर परियोजना का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने सुसनेर से नीमच जिले की सिंगोली में 500 मेगावॉट क्षमता की बड़ी कवई सौर परियोजना का वर्चुअली लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर नीमच के टाउनहॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएम ने कहा, सरकार दूध खरीदने पर भी पशुपालकों को बोनस देगी। वर्तमान में प्रदेश का दुग्ध उत्पादन 9 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाएंगे। नदी जोड़ो अभियान के माध्यम से प्रदेश के सभी गांवों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का प्रयास सरकार द्वारा किया जा रहा हैं। झालावाड़, उज्जैन रेल लाईन भी दिलाने का प्रयास सरकार द्वारा किया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिह चौहान ने कहा, प्रधानमंत्री का सपना है कि सौर ऊर्जा से हर गांव, हर घर रौशन हो, उन्होने पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने का आव्हान करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा से कम खर्च में खेतों में सिंचाई के लिए सौलर पम्प और सौर ऊर्जा पैनल लगाकर घरों को ऊर्जा से रौशन करें। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा, नीमच जिले में सौर ऊर्जा के विस्तार की पहल की जा रही है। जिले में और भी सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए जमीन चिह्नित कर रहे हैं। सिंगोली के सौर ऊर्जा प्लांट से सस्ती दरों पर बिजली मिलेगी। पीएम सूर्य घर योजना के तहत भी लोगो को अपने घरों को सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा हैं। पंचायतों में भी सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए चिह्नित किया गया है।


