दौसा जिले के महवा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से कलर-पेंट की डीलरशिप के नाम पर करीब 10 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने पीड़ित से रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी मनी, कलर बनाने की मशीन और प्रोडक्ट के नाम पर 4 बार में आँनलाइन पेमेंट लेकर फ्रॉड किया। इस संबंध में पीड़ित द्वारा पुलिस थाने में मामला दर्ज कराने के बाद जांच में जुटी है। पीड़ित होतीलाल मीना निवासी महवा ने एफआईआर में बताया है कि उसने एक पेन्ट कंपनी की डीलरशिप के लिए 27 फरवरी को गूगल पर अप्लाई किया था। जिसके बाद 4 मार्च को दीपक कुमार नाम से कॉल आया कि आपकी एप्लिकेशन हमारे पास आ चुकी है कि आपने एशियन पेन्ट की डीलरशिप के लिए अप्लाई किया है। उसने डीलरशिप के रजिस्ट्रेशन के लिए 24 हजार 999 रुपए फोन पे से लिए। इसके बाद सिक्योरिटी राशि के लिए 2 लाख, कलर मशीन के लिए 1 लाख 40 हजार और प्रोडेक्ट के लिए 4 लाख रुपए ले लिए। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि एशियन पेन्ट की डीलरशिप के नाम पर कुल 9 लाख 46 हजार 117 रुपए का फ्रॉड कर लिया। इसके बाद रुपए मांगने वाले तक से संपर्क नहीं हो पा रहा। ऐसे में पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी दी और प्रकरण दर्ज करवाया है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


