सब इंस्पेक्टर भर्ती- 2021 में 15 लाख रुपए लेकर डमी कैंडिडेट बनी महिला और उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि डमी कैंडिडेट बनी महिला ने खुद भी भर्ती एग्जाम दिया था, हालांकि वह फेल हो गई थी। जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार ने बताया कि मामले में नरपत राम (29) को गोवा में वाइन शॉप से और उसकी पत्नी इंद्रा (27) निवासी बढ़ानिया जालोर को खेमे का कुआं जोधपुर से गिरफ्तार कर SOG को सौंपा है। रेंज आईजी ने बताया कि फर्जीवाड़ा कर एसआई एग्जाम में पास हुई हरखू जाट तक SOG पहुंची थी। हरखू से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आया था। पूछताछ में सामने आया था कि हरखू और इंद्रा की मुलाकात एक लाइब्रेरी में हुई थी। हरखू पढ़ने में कमजोर थी, जबकि इंद्रा होशियार थी। ऐसे में हरखू ने इंद्रा को उसकी जगह पेपर देने का ऑफर दिया था। डमी कैंडिडेट बनने के 15 लाख लिए थे
आईजी विकास कुमार ने बताया- इंद्रा के पति नरपत को जब यह बात मालूम चली तो उसने हरखू से रुपए मांगने का प्लान बनाया। इसके लिए 15 लाख रुपए हरखू से लिए। इंद्रा ने हरखू की जगह डमी कैंडिडेट बनकर एग्जाम दिया था। ऐसे में हरखू पास भी हो गई। हरखू अंतिम रूप से चयनित होकर प्लाटून कमांडर बन गई थी। हालांकि इंद्रा ने जो एग्जाम खुद के लिए दिया था, उसमें वह फेल हो गई थी। आईजी विकास कुमार ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि नरपत ने इन्हीं 15 लाख में अपनी पत्नी इंद्रा को SI भर्ती इंटरव्यू में पास कराने के लिए किसी बिचौलिए से बात कर रखी थी। इस दौरान हरखू के SOG गिरफ्त में आने को सूचना पति-पत्नी को मिली तो दोनों फरार हो गई थी। नरपत गोवा भाग गया, जबकि इंद्रा खेमे का कुआं में छुपकर फरारी काटने लगी। RAS का एग्जाम भी दे चुकी थी इंद्रा
रेंज आईजी ने बताया- SOG ने नरपत राम और इंद्रा को पकड़ने का टास्क जोधपुर रेंज को सौंपा था। ऐसे में अलग-अलग टीमें बनाकर दोनों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पता चला कि इंद्रा का खेमे का कुआं में आना-जाना है। यही से आकर वह गोवा में रह रहे अपने पति नरपत को कॉल करती थी। इस इनपुट के बाद एक टीम ने गोवा में नजर रखनी शुरू की, जबकि दूसरी टीम खेमे का कुआं जोधपुर में पत्नी इंद्रा पर नजर रख रही थी। इंद्रा सब इंस्पेक्टर परीक्षा 2018 में इंटरव्यू तक गई थी। हालांकि, सफल नहीं हो सकी। RAS परीक्षा में भी प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हुई थी। फरार होने वाली थी इंद्रा
जिस समय साइक्लोन सेल की टीम इंदिरा को पकड़ने के लिए पहुंची, तो इंदिरा अपना सामान पैक कर रही थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसके रिश्तेदार के जरिए उसे सूचना मिली कि उसके पति को गोवा में पुलिस ने पकड़ लिया है। अब उसे भी पकड़ने वाली है, तो वह फरार होने के लिए अपना सामान पैक कर रही थी। SI भर्ती घोटाले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें ट्रेनी एसआई को पता नहीं कितने नंबर से पास हुई:ट्रेनिंग के वीडियो में बोली-301 नंबर आए, जबकि मिले 354, एक लेटर में 13 गलतियां झुंझुनूं में जॉइनिंग करने पहुंची ट्रेनी एसआई मोनिका (25) को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। एसआई भर्ती पेपर को 15 लाख में खरीदने वाली मोनिका का एक ट्रेनिंग का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वो बता रही है कि उसे एग्जाम में 301 नंबर मिले है, जबकि उसे 354 नंबर मिले थे। (पढ़ें पूरी खबर) हाईकोर्ट ने SI भर्ती में सरकार को दिए 2 महीने:कहा- किसी भी तरह का फैसला लेने की छूट; फील्ड पोस्टिंग पर रोक रहेगी सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती मामले में हाईकोर्ट ने सरकार को 2 महीने का समय दिया है, लेकिन भर्ती में फील्ड पोस्टिंग पर रोक जारी रहेगी। राज्य सरकार किसी भी तरह का निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र रहेगी। (पूरी खबर पढ़िए)


