फतेहपुर में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा दोपहर 3 बजे गढ़ परिसर से शुरू हुई। यह शाम 7 बजे तक चली। शोभायात्रा सब्जी मंडी, लक्ष्मीनाथ जी महाराज का मंदिर और छोटा बाजार होते हुए आगे बढ़ी। फिर देवड़ा स्कूल, बावड़ी गेट बस स्टैंड और आसाराम जी के मंदिर से होकर गुजरी। अंत में सिटी सेंटर मार्केट से होते हुए वापस गढ़ परिसर पहुंची। यात्रा में भक्तों ने केसरिया साफा पहना था। मार्ग के दोनों ओर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए खड़े रहे। स्थानीय लोगों ने कई जगहों पर पुष्प वर्षा की। भक्तों के लिए ठंडा पानी, जूस और फलों की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें पंजाब का गतका मार्शल आर्ट, शेरे पंजाब बैंड और कीर्तन शामिल थे। महाराष्ट्र का लेजिम नृत्य, महाकाल झांझ आरती और कच्छी घोड़ी नृत्य ने समां बांधा। शेखावाटी की प्रसिद्ध ढप मंडली ने भी अपनी प्रस्तुति दी।


