नरियरा | चैत्र नवरात्र का पर्व श्रद्धा और उल्लास से मनाया जा रहा है। देवी मंदिरों को रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से सजाया गया है। सुबह और शाम की आरती में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर का वातावरण पूरी तरह भक्ति में डूबा है। जगह-जगह भजन, कीर्तन और जस गीत के कार्यक्रम हो रहे हैं। समिति के सदस्य तन, मन और धन से पर्व को सफल बनाने में लगे हैं। मुख्य सड़क पर स्थित भगत कुआं काली दुर्गा मंदिर, संजय नगर का जरही माता मंदिर, सागर तालाब का महामाया मंदिर, पहतालपारा का शीतला मंदिर, ग्राम देवता ठाकुर देव, गुप्ता गली का दुर्गा मंदिर और बस्ती का चंडी दाई मंदिर सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूर्ति के लिए तेल और घी के 401 कलश प्रज्वलित कराए हैं। संजय नगर में जयचंद साहू के निवास पर श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया गया है। कथा का वाचन पंडित नेहनाथ व्यास नरियरा वाले कर रहे हैं।


