शिक्षा का अधिकार कानून के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 7 अप्रैल है। अब तक 1.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन हो चुके हैं। माना जा रहा है कि अंतिम तिथि सोमवार को आवेदनों की संख्या में और इजाफा होगा। इसके बावजूद इस बार पिछले साल के मुकाबले आवेदन कम रहेंगे। वर्ष 2024 में 3,08,782 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। अगर शिक्षा विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई तो इस बार यह संख्या पार होना मुश्किल लग रहा है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग 9 अप्रैल को प्रवेश का वरियता क्रम तय करने के लिए ऑनलाइन लॉटरी निकालेगा। उधर, अभिभावकों ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। संयुक्त अभिभावक संघ के प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू का कहना है कि शिक्षा विभाग ने आरटीई आवेदन की प्रक्रिया को बहुत जटिल बना रखा है। इसलिए कई अभिभावक तो अपने बच्चों का आवेदन ही नहीं कर पाते। आयु सीमा की पाबंदी के चलते भी विद्यार्थी शिक्षा के अधिकार से वंचित हो रहे हैं। विभाग को चाहिए कि आयु सीमा में छूट देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाए, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके।


