टोंक जिले में रविवार को भी मौसम साफ रहा। इससे सोमवार सुबह से ही धूप में तेजी निकली हुई है। ऐसे में लगातार 5वें दिन सोमवार को भी अधिकतम तापमान रविवार की तरह 41 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है।
वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 घंटे में एक डिग्री सेल्सियस बढ़ कर 24 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बढ़ती गर्मी से लोगों की दिनचर्या भी बदल रही है। लोग अब दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे है। वे जरूरी कार्य से बाहर जा रहे है। उधर 9 अप्रैल तक हीट वेव चलने के आसार है, वहीं 10 और 11 अप्रैल को राजस्थान में एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर टोंक में भी देखने को मिल सकता है।
बहरहाल दोपहर के समय गर्मी और तपन से से लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। क्योंकि सुबह से तेज धूप निकली हुई है। ऐसे में अब दिन के समय ही नहीं, रात के समय भी गर्मी बढ़ने लगी है। इसके चलते लोगों को अब कूलर, पंखे और AC दिन-रात ही चलाने लगे है। बढ़ती गर्मी के चलते अब लोगों की भीड़ जूस सेंटरों पर भी दिखाई पड़ रही है। ज्ञात रहे कि मौसम आए दिन बदल रहा है। इसके चलते लोगों की दिनचर्या भी बाधित हो रही है। पांच दिन से गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के साथ-साथ अब रात के समय भी गर्मी बढ़ने से लोग परेशान है। अब दिन के समय का पारा 40 पार कर गया है । वहीं रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। इसके चलते अब लोगों दिन और रात बिना कूलर,पंखे के नींद नहीं आ रही है।


