शेखावाटी में बादलों का दबाव कम होते ही झुलसाने वाली गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। इस बार अप्रैल माह का फर्स्ट वीक 2 साल में सबसे अधिक गर्म रहा। रविवार को यहां रिकॉर्ड तोड़ तापमान दर्ज किया गया। लोग अब तेज धूप व गर्मी से बचने के उपाय ढूंढ रहे हैं। सीकर के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को भी यहां न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री व अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले शनिवार को यहां न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री व अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री दर्ज किया गया रहा। रविवार को साल में पहली बार दिन का पारा एक साथ 4 डिग्री बढ़ा। सीकर में सुबह 8 बजते ही तेज धूप सहन नहीं हो पा रही। पिछले चार दिन से मौसम में बादलों का असर कम होने से वातावरण में नमी का असर भी कम हुआ है। जिससे गर्मी का असर दिखने लगा है। सीकर में 7 से 9 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। 11 अप्रैल को एक बार फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा जिसके साथ बादल छाने की संभावना है।


