हिमाचल के लाहौल-स्पीति के सिस्सू में चंद्रा नदी में डूबे झारखंड के दो छात्रों में से एक छात्र कुमार समर्थ का शव अब तक बरामद नहीं किया जा सका है। लाहौल-स्पीति पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार से ही तलाशी अभियान जारी है। कुमार समर्थ के शव को निकालने के लिए रेस्क्यू जारी है। मौके पर मौजूद एएसआई उत्तम चांद ने बताया कि रेस्क्यू के लिए सात टीमें काम कर रही हैं। तलाशी अभियान में जिला पुलिस, क्विक रिस्पॉन्स टीम की 4 टीमें, बाबेली की राफ्ट टीम, मनाली एडवेंचर सर्च एंड रेस्क्यू टीम, स्थानीय निवासियों की एक टीम लगी हुई है। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को डीएसपी हेडक्वार्टर राज कुमार लीड कर रहे है। चंद्रा नदी का जलस्तर बढ़ा, रेस्क्यू में आ रही परेशानी एएसआई उत्तम चांद ने बताया कि हमारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा। लेकिन मौसम और चंद्रा नदी में जलस्तर के बढ़ने से काम करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि मौके पर बच्चों के पैरेंट्स पहुंचे हुए हैं। हमारी टीम हर संभव प्रयास कर रही है। कोशिश यह भी की जा रही है कि रेस्क्यू ऑपरेशन को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि घटना के दिन ही अमर की बॉडी को बरामद कर लिया गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 3 अप्रैल को दोनों गए थे हिमाचल रातू के झखराटांड़ के रहने वाले संजय साहू का बड़ा बेटा अमर साहू और सुखदेव नगर के अलकापुरी में रहने वाले विनय शर्मा का इकलौता बेटा कुमार समर्थ 3 अप्रैल को हिमाचल घुमने गया था। दोनों के बीच काफी गहरी दोस्ती थी। वे प्लस टू में कॉमर्स विषय लेकर पढ़ाई कर रहे थे। हिमाचल पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार मौके पर मौजूद कानपुर के रहने वाले मोहम्मद ओबीस ने पुलिस को बताया कि दोनों मनाली में रुके हुए थे। वे लोकल गाड़ी से सीसु आए थे। दोनों हेलीपैड के पास चंद्रा नदी पर पुरानी टूटी लोहे की पुलिया पर चढ़े हुए थे। पैर फिसलने से नदी में डूबे पुलिस ने बताया कि जिस पुल पर दोनों खड़े थे उसके ऊपर से पानी का बहाव था। अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया, दूसरे ने उसे बचाने की कोशिश की मगर दोनों चंद्रा नदी में गिर पड़े। जिसमें से एक डूब गए और दूसरा पानी के बहाव में बह गया। पुलिस ने उसका शव घटनास्थल से 100 मीटर दूर बरामद कर लिया।


