धनबाद के निरसा स्थित कुमारधुबी ओपी क्षेत्र की त्रिपति बालाजी फैक्ट्री में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। मिट्टी पिसाई के काम में लगे मजदूर ललन भूइंया की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई, जब ललन मिट्टी पिसाई के लिए लोहे की सीढ़ी पर चढ़ रहा था। सीढ़ी के पास से गुजर रहा एक कटा हुआ बिजली का तार सीढ़ी से सट गया। इससे पूरी सीढ़ी में करंट आ गया और ललन की मौके पर ही मौत हो गई। रोज की तरह सुबह काम पर गया था घटना के बाद मजदूर को तुरंत स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कुमारधुबी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता कुलेजन भूइंया ने बताया कि ललन उनका बड़ा बेटा था। वह रोज की तरह सुबह काम पर गया था। उन्हें पहले सूचना मिली कि ललन बीमार है और उसका इलाज चल रहा है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। परिवार में ललन के अलावा एक छोटा भाई और दो बहनें हैं। घटना से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


