लुधियाना में आज (सोमवार को) सर्किट हाउस में आम आदमी पार्टी के विधायकों ने एक विशेष बैठक आयोजित की। इस दौरान विधायकों ने मीडिया से भी बातचीत की। विधायकों ने खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू पर जमकर निशाना साधा। बैठक में विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, जीवन सिंह संगोवाल, राजिंदरपाल कौर छीना, अशोक पराशर पप्पी और अमनदीप मोही मौजूद रहे। विधायक दलजीत ग्रेवाल ने कहा कि विदेश में बैठा आतंकी पन्नू पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन पंजाब के लोग अमन पसंद है। पन्नू ने जो धमकी दी है कि वह बाबा साहिब अंबेडकर जी की प्रतिमा को क्षति पहुंचाएगा तो उसका पुरजोर विरोध करते हैं। पन्नू की धमकियों से हम डरने वाले नहीं है। इस बार 14 अप्रैल को पहले से भी अधिक धूमधाम से बाबा साहिब का जन्म दिवस मनाकर आतंकी पन्नू को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। पंजाब को रंगला पंजाब बनने से आतंकी ताकतें भी नहीं रोक सकती। भड़काऊ भाषणों से चलती है पन्नू की रोजी-रोटी- MLA संगोवाल विधायक जीवन सिंह संगोवाल ने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ जो दो घटनाएं फिल्लौर और बटाला में हुई है, वह निंदनीय है। पन्नू की रोजी-रोटी ही इस तरह के भड़काने वाले भाषणों से चलती है। पंजाब के युवा रोजगार में व्यस्त है। पन्नू के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। विधायक अशोक पराशर पप्पी ने कहा कि पन्नू एक बार समझ ले कि पंजाब के माहौल को वह कभी खराब नहीं कर सकता। देश विरोधी एजेंसियों से ये पैसे लेता है। पन्नू की पंजाब में कोई जगह नहीं है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। मान सरकार में युवाओं को नौकरियां मिल रही है और युवा सही रास्ते जा रहे हैं। क्या है पूरा मामला करीब 7 दिन पहले आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। जिसमें उसने आने वाले दिनों में पंजाब में बड़ी घटना को अंजाम देने का दावा किया है। जिससे पंजाब का आपसी भाईचारा भी प्रभावित हो सकता है। पन्नू चाहता है कि 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर जयंती पर राज्य की सभी प्रतिमाओं को हटाया जाए, क्योंकि संविधान के कारण ही सिखों को अलग पहचान नहीं मिली।


