पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस द्वारा एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में संगठित अपराध में शामिल गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत फरीदकोट जिले की सब डिवीजन कोटकपूरा पुलिस ने डीएसपी जतिंदर सिंह और थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर मनोज कुमार शर्मा की निगरानी में नशा तस्करी और लूटपाट करने वाले एक गिरोह के 04 सदस्यों को तेजधार हथियारों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सूचना पर पुलिस की रेड पुलिस ने बताया कि एएसआई इकबाल सिंह की अगुआई वाली पुलिस पार्टी संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग व गश्त के संबंध में मोगा रोड कोटकपूरा के पास मौजूद थी। उन्हें सूचना मिली कि एक गिरोह के सदस्य नशा बेचने व सेवन करने के आदी हैं, जो नशे की पूर्ति के लिए राहगीरों को लूट भी लेते हैं, जो नई दाना मंडी कोटकपूरा में सुनसान जगह पर बैठकर लूटपाट करने की योजना बना रहे हैं और उनके पास घातक हथियार भी मौजूद हैं। 1 खंडा तथा 1 लोहे की पाइप बरामद सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर इस गिरोह के 4 सदस्यों को 1 किरपान, 1 खंडा तथा 1 लोहे की पाइप सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोटकपूरा के विक्की उर्फ बम सुखविंदर सिंह उर्फ बंटी, राजू सिंह और हरपाल सिंह उर्फ भल्ली के रूप में हुई है। इनके खिलाफ थाना सिटी कोटकपूरा में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट से रिमांड पर लेगी पुलिस मामले में डीएसपी जतिंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से 2 आरोपियों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के केस दर्ज है और अब इन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले 8 माह के दौरान फरीदकोट पुलिस ने संगठित अपराध के 36 मामलों में 177 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


