लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे धार में वन विभाग में पदस्थ एक वनपाल कर्मचारी 10 हजार रुपए रिश्वत रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वनपाल ने पट्टा दिलाने के नाम पर रुपयों की मांग की थी। इस बात की शिकायत एक ग्रामीण ने इंदौर लोकायुक्त कार्यालय पर की थी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद आज लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की। देर रात तक सर्किट हाउस पर लोकायुक्त की कार्रवाई होती रही। जानकारी के अनुसार, अमझेरा निवासी दिनेश पिता रमेश कोली (40) को भेरू घाट के पास वन विभाग की 10 बीघा भूमि पर खेती करना था। इसलिए किसान ने विभाग के कार्यालय संपर्क किया, जहां आरोपी वनपाल दयाराम वर्मा ने पट्टे के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की। किसान ने इसकी शिकायत लोकायुक्त इंदौर से कर दी। इसी आधार पर ट्रेप दल ने शुक्रवार देर शाम कार्रवाई की। कार्रवाई टीम में डीएसपी दिनेश चंद्र पटेल, इंस्पेक्टर प्रतिभा तोमर, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव शामिल रहे।


