उदयपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ पर तीखा हमला बोला। डबोक एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राठौड़ का कोई विजन नहीं है। BJP प्रदेशाध्यक्ष खुद पार्टी को पंक्चर करने वाले हैं। छह से आठ महीने में उनका कोई विजन देखा क्या? छत पर भाजपा का झंडा फहरा रहे हैं। डोटासरा ने कहा- ये नौटंकी करने वाले लोग हैं। हमारे समय मुस्लिम समुदाय से लेकर 36 कौम का विकास हुआ है, ये तो अभी आए हैं। डोटासरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल भाषण तक सीमित हो गए हैं, वो भी दिल्ली से आने वाली पर्ची पर। ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह हावी है। डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने उदयपुर सीआईडी-सीबी ऑफिस में कोटा रेंज आईजी को धमकाने के मामले में अपने बयान दर्ज कराए। इस मामले में दोनों नेताओं ने आईजी रवि दत्त गौड़ को धमकी भरे अंदाज में चेतावनी दी थी कि- मुख्यमंत्री और ओम बिरला भी नहीं बचा पाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे पड़ गए तो घुटनों के बल आ जाएंगे रवि दत्त। डोटासरा खेरवाड़ा विधानसभा में कांग्रेस सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद डोटासरा और जूली खेरवाड़ा के लिए रवाना हुए। वहां ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा ऑफिस में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। डोटासरा ने कहा- एक किरोड़ी ने बीजेपी की अपने आप में बैंड बजा रखी है। वो कह रहे है कि भांडा फोड़ूंगा, पर्ची बदलूंगा, पर्ची घूम रही है। डोटासरा ने तीर चलाते हुए निशाना साधते हुए कहा- ‘इसे बीजेपी पर चला दूं क्या।’ हम डरने वाले नहीं हैं। एक नहीं 100 मुकदमे कर दो। दिलावर से लेकर किरोड़ी के खिलाफ भी मुकदमे हैं, उनके खिलाफ भी जांच करो। IG के खिलाफ दिए बयान के मामले में दोनों नेताओं ने क्या कहा डोटासरा ने एयरपोर्ट पर मीडिया से कही ये 3 बड़ी बातें 1. भाजपा सरकार के वादे और विफलताएं: गोविंद सिंह डोटासरा ने उदयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल में भाजपा सरकार ने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। संकल्प-पत्र की बात करने को भी तैयार नहीं हैं। 2. भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर सवाल: डोटासरा ने कहा कि करप्शन और अपराध इस कदर बढ़ गया है कि सरकार की तरफ से कोई जवाबदेही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री और विधायक अनर्गल बयान देकर जहर घोलने का काम कर रहे हैं। बेरोजगारों से लाखों नौकरियों की बात करने वाली भाजपा ने रोजगार नहीं दिया। लाखों बेरोजगार बैठे हैं और सरकार सिर्फ हजारों भर्तियां निकाल रही है। 3. अनाधिकृत कमेटी का विवाद: पीसीसी चीफ ने कहा कि एक अनाधिकृत कमेटी बना रखी है, जबकि परिसीमन सरकार करती है। राजेंद्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी, घनश्याम तिवाड़ी ऑफिसर ट्रेनिंग स्कूल (OTS) में अधिकारियों को धमकाते हैं। CMO में बैठक करते हैं, CM कुछ नहीं कह पाते क्योंकि न तो उनको अनुभव है और न अधिकार। नेता प्रतिपक्ष बोले- मंत्री विधानसभा में जवाब नहीं दे पाते
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि मंत्री विधानसभा में जवाब नहीं दे पाते। एक सत्र में तीन बिल दुबारा वापस भेजने पड़े। हरियाणा-गुजरात के बराबर पेट्रोल दाम करने का वादा पूरा नहीं हुआ। शिक्षा के सभी पद भरने का वादा भी अधूरा है। अंग्रेजी स्कूलों को चलाने में सरकार की रुचि नहीं है।


