भास्कर न्यूज | महासमुंद नगर के रायपुर रोड स्थित दादाबाड़ा मैदान के पास रविवार रात रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान कक्षा 10वीं के छात्र ने बारहवीं के स्टूडेंट पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में नाबालिग की मौत हो गई। घटना बीती रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक वेदांश चन्द्राकर पिता विजय चन्द्राकर (17) वार्ड 03 ईमलीभाठा महासमुंद का रहने वाला था। जो रामनवमी की शोभायात्रा देखने आया था। शोभायात्रा रायपुर मार्ग में दादाबाड़ा के पास पहुंची थी। यहां आरोपी नाबालिग भी पहुंचा। इसी बीच दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी नाबालिग ने गुस्से में आकर अपने जेब में रखे चाकू से वेदांश के सीने में जानलेवा हमला कर दिया। इससे वेदांश गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली में दी। आनन-फानन में उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी पूर्व में हुए विवाद को लेकर काफी नाराज था और बदला लेने के फिराक में था। जिस चाकू से हमला किया, उसे अपने दोस्त से लिया था। शोभायात्रा मंे मृतक को िदखने पर मारने के लिए ढूंढ रहा था। सोमवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले साल गुडरू पारा में स्वीपर पर पत्थर से किया था हमला: पिछले साल होली के दौरान गुडरु पारा में एक स्वीपर युवक पर पत्थर से हमला कर दिया था। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके 2 साल पहले भी नगर में रथयात्रा के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई थी। इसमें एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। शहर में ज्यादातर हो रही घटनाओं में कम उम्र के युवक शामिल होते हैं। शहर में अभी तक हुई घटनाओं में 25 साल से कम उम्र के शामिल हैं। तीन महीने पहले भी मृतक और नाबालिग के बीच विवाद हुआ था। इस बात को लेकर वह नाराज था। गली से गुजरने के दौरान बाइक को कट मारते हुए चलाकर निकालने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उस समय पर भी विवाद ज्यादा बढ़ जाने पर लोगों ने बीच बचाव कर दोनों को शांत कराया था। मृतक और नाबालिग के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। समिति के सदस्य पर चाकू से हमला, तत्काल कराया उपचार जब शहर के मुख्य मार्ग में शोभायात्रा गुजर रही थी। कांग्रेस भवन के पास रात करीब 8.30 बजे भीड़ ज्यादा थी। इसी बीच कुछ असामाजिक तत्व ने समिति के व्यवस्था में लगे समिति के एक सदस्य पर चाकू से हमला कर दिया था। इससे उनके हाथ में गंभीर चोटें आई थी, जिसका तत्काल उपचार कराया गया। शोभायात्रा के शुरूआत में भी कुछ बदमाश चाकू लेकर भीड़ में घुस गए थे। माहौल बिगड़ने पर आयोजन समिति ने अनाउंसमेंट कर पुलिस को सूचना भी दी थी। पुलिस शांति व्यवस्था बनाने बदमाशों पर नजर रखे हुए थी। इसके बाद भी घटना हो गई।


