रांची में पहली बार 19 और 20 अप्रैल को सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का एयर शो होगा। आसमान में नौ फाइटर पायलट अपना कौशल दिखाएंगे। एयर शो नामकुम आर्मी ग्राउंड में होगा। कार्यक्रम में एंट्री फ्री है। सुबह 9.45 से 10.45 तक यह आयोजन होगा। आयोजकों ने बताया कि रांची का आसमान जीवंत हो उठेगा, जब सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम एयर शो करेगी। 17 अप्रैल को पूर्वाभ्यास किया जाएगा। सूर्य किरण टीम में एचएएल द्वारा भारत में निर्मित 9 हॉक एमके 132 विमान शामिल हैं, जो 5 मीटर से भी कम दूरी पर बेहद करीब से उड़ान भरते हैं। टीम में 14 पायलट हैं। टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी हैं। डिप्टी लीडर ग्रुप कैप्टन सिद्धेश कार्तिक हैं। अन्य पायलटों में स्क्वाड्रन लीडर जसदीप सिंह, स्क्वाड्रन लीडर हिमखुश चंदेल, स्क्वाड्रन लीडर अंकित वशिष्ठ, स्क्वाड्रन लीडर विष्णु, स्क्वाड्रन लीडर दिवाकर शर्मा, स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल, स्क्वाड्रन लीडर एडवर्ड प्रिंस, स्क्वाड्रन लीडर ललित वर्मा, विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अर्जुन पटेल, विंग कमांडर कुलदीप हुड्डा और विंग कमांडर एलन जॉर्ज शामिल हैं। टीम ने अब तक 70 से अधिक शहरों में 500 से ज्यादा प्रदर्शन किया है। कार्यक्रम में शामिल होंगे राज्यपाल, मुख्यमंत्री और वायु सेना प्रमुख: इस एयर शो में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। इसमें शामिल होने के लिए वायु सेवा प्रमुख एपी सिंह को भी आमंत्रित किया गया है। एयर शो के दौरान सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम आकाश में बनाएगी तिरंगे का प्रारूप शो के दौरान एयरोबेटिक टीम आकाश में राष्ट्रीय ध्वज का प्रारूप बनाएगी। तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंग को आसमान में देखा जा सकता है। हॉक एमके 132 विमान रंगीन धुआं पैदा करने में सक्षम है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को मुलाकात की। मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।


