भास्कर न्यूज | चिरमिरी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भाजपा शासन में ही संभव हो सका है। पूर्व की सरकार ने जिला अस्पताल की घोषणा तो की थी, लेकिन तय समय में भवन का निर्माण नहीं करा सकी। स्वास्थ्यमंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि हमारी सरकार बनी, तो अलग से राशि स्वीकृत कराई। तय समय में भवन निर्माण कराकर अस्थाई जिला अस्पताल का संचालन शुरू करा दिया गया। बड़ा बाजार में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में स्वास्थ्यमंत्री ने बताया कि पहले जिला अस्पताल के लिए 35 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली थी। अब डॉक्टर निवास का भी निर्माण कराया जाएगा। इसका काम जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि डॉक्टर यहां जल्दी नहीं आना चाहते थे, क्योंकि रहने की व्यवस्था नहीं थी। अब यह परेशानी भी दूर कर दी गई है। स्वास्थ्यमंत्री ने कहा कि शहर के स्थायित्व के लिए जो कुछ भी संभव होगा, वह किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। चिरमिरी में 45 करोड़ की लागत से तीन मंजिला जिला अस्पताल बन रहा है। इसमें 26 लाख की लागत से लिफ्ट लगाई जाएगी। इससे मरीजों को अस्पताल के अंदर आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। अस्पताल में 8 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन मशीन भी जल्द स्थापित की जाएगी। कलर सोनोग्राफी समेत अन्य सुविधाएं पहले से ही यहां उपलब्ध हैं।


