धनबाद के पूर्वी टुंडी में एक आदिवासी परिवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनके घर में अचानक आग लग गई। लखिराम टुड्डू के परिवार में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। सोने-चांदी के गहने भी जलकर राख हो गए रात में जब परिवार सो रहा था, तभी घर में आग लग गई। लखिराम की पत्नी रासमुनि टुडू के अनुसार, देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग में घर में रखे 45 हजार रुपए नकद, 50 मन धान और एक क्विंटल चावल के साथ बेटी की शादी के लिए रखे सोने-चांदी के गहने भी जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में राशन उपलब्ध कराया स्थानीय ग्रामीणों ने दौड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। रूपन गांव के मुखिया सतीश मुर्मू ने घटना की जानकारी पूर्वी टुंडी के अंचलाधिकारी को दी। अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में राशन उपलब्ध कराया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिया जाएगा प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आपदा विभाग से मिलने वाली राशि दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने की बात कही गई है। इस घटना के बाद लखिराम का परिवार बेघर हो गया है और उनकी सबसे बड़ी चिंता बेटी की शादी को लेकर है।


