छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में फिल्म पुष्पा की तर्ज पर रात के अंधेरे में अवैध लकड़ियों की तस्करी होने जा रही थी। एक गाड़ी में लकड़ियां भरी हुई थीं, लेकिन तभी वन अमले को इसकी भनक लग गई। वन अमले ने मौके पर जांच की तो गाड़ी में लदे सरई लकड़ी गोला के अलावा बड़ी मात्रा में बिखरी हुई अवैध लकड़ियां मिलीं। इसे जब्त कर वन अमले ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात करीब 10 बजे घरघोड़ा वन अमला को मुखबिर से सूचना मिली कि, भेंड्रा रोड पर 18 चक्का एक ट्रक में अवैध लकड़ी लोड है। जिसके बाद वनकर्मियों ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी और वन अमला ने मौके पर दबिश दी। जहां जांच में पाया कि ट्रक में सरई का गोला लोड है। उसके आसपास काफी संख्या में सरई और खैर का गोला बिखरा पड़ा है। इसके बाद वन अमला ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को पकड़ लिया। 40 लाख से अधिक की अवैध लकड़ी बताया जा रहा है कि, लकड़ियों का आकलन कर करीब 5 से अधिक ट्रैक्टर में उसकी ढुलाई की गई। जिसकी करीब 40 लाख से अधिक है। हालांकि पूरे आकलन के बाद ही कितने की अवैध लकड़ी है, इसका खुलासा हो सकेगा। लंबे समय से की जा रही तस्करी इतने बड़े पैमाने पर अवैध साल गोला के मिलने से आशंका जताई जा रही है कि, लकड़ी तस्करी लंबे समये से की जा रही थी। बेखौफ होकर यार्ड की तरह दिखने वाले खुले स्थान पर लकड़ियों को रखा गया था। बताया जा रहा है कि, आसपास के साथ ही धरमजयगढ़ वन मंडल के जंगल से भी अवैध कटाई की गई होगी। वाहन को राजसात किया जाएगा इस मामले में धरमजयगढ़ डीएफओ स्टायलो मंडावी ने बताया कि, काफी मात्रा में साल और खैर के अवैध गोला को पकड़ा गया है। ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही वाहन को राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी। अभी जब्त लकड़ियों का आकलन किया जा रहा है। जिसके बाद स्पष्ट हो सकेगा कि कितने की अवैध लकड़ी पकड़ी गई है।


