मुंगेली में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं को पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचाना है। 11 अप्रैल तक सभी नगरीय निकाय कार्यालयों और ग्राम पंचायत भवनों में समाधान पेटी रखी गई है। नागरिक इनमें अपनी समस्याओं और शिकायतों के आवेदन जमा कर सकते हैं। कार्यक्रम के पहले दिन बिलासपुर संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने क्षेत्र का दौरा किया। संभागायुक्त ने नगरपालिका मुंगेली और ग्राम पंचायत गीधा में समाधान पेटियों की समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त आवेदनों को विभागवार अलग करने और उनके निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम गीधा में पीएम आवास योजना के कई आवेदन मिले। संभागायुक्त ने आश्वासन दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि सर्वे कार्य जारी है। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों को सुशासन तिहार को सफल बनाने के लिए समर्पण भाव से काम करने के निर्देश दिए।


