जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण इकाई (DAPCU) अजमेर के निर्देश पर मंगलवार को जिला कारागृह पाली में निरुद्ध बंदियों के लिए HIV एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण अधिनियम 2017 और हेल्थ सेवाओं के बारे में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बांगड़ हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. रोयमोन जोसेफ ने एचआईवी फैलने के कारण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर जोराराम डांगा कारापाल ने बंदियों को नशे से दूर रहकर घर परिवार के बारे में सोचने की बात कही। मांगीलाल तंवर पीएलवी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बंदियों को निशुल्क विधिक सहायता के साथ बंदियों के सामान्य अधिकार एचआईवी एक्ट अधिनियम 2017, मादक पदार्थ सेवन अपराध, नालसा हेल्पलाइन 1500 आदि के संबंध में जानकारी दी। नर्सिंग ऑफिसर रविन्द्र परिहार ने बताया कि एचआईवी पीड़ित को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। जेल समन्वयक प्रकाश कुमार ने बंदियों को एचआईवी व टीबी के बारे में जानकारी दी। प्रश्नोत्तरी कर सभी बंदियों को टूथब्रश और 15 बंदियों को तौलिए वितरण कर नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य भागीदारी प्रकाश कुमार की रही। कार्यक्रम का संचालन मांगीलाल तंवर ने किया।


