इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी संदीप पाटिल अब युवा क्रिकेटर्स को ऑनलाइन कोचिंग देते हुए नजर आएंगे। मंगलवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत में पाटिल ने बताया कि नेशनल क्रिकेट अकादमी के दिशा निर्देश में डिजिटल क्रिकेट कोचिंग महागुरु का मास्टर क्लास लॉन्च किया गया है। जिसमें बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग के साथ ही क्रिकेट की बेसिक और इंपॉर्टेंट नॉलेज दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने टी-20 फॉर्मेट के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता भी जाहिर की। पाटिल ने बताया कि इस ऑनलाइन क्लास के माध्यम से क्रिकेट को सीखा जा सकता है। इसमें बैटिंग के लिए दस एपिसोड शामिल हैं। जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कोच दिनेश नानावती के मार्गदर्शन में चार एपिसोड शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व क्रिकेटर और कोच गौतम शोम की अगुवाई में बॉलिंग और फील्डिंग पर चार-एपिसोड के सेगमेंट को शामिल किया गया है। इसके अलावा फिटनेस कोच राहुल पटवर्धन के फिजिकल फिटनेस पर केंद्रित दो एपिसोड भी शामिल होंगे। अच्छा नहीं कोचिंग का स्तर संदीप पाटिल ने कहा कि भारत में क्रिकेट एक खेल से ज़्यादा है। फिर भी कोचिंग काफ़ी हद तक अनियमित बनी हुई है। हमारे द्वारा कोच भी तैयार किए जाएंगे। क्यों कि नेशनल क्रिकेट अकेडमी हर साल कोचिंग से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती है। लेकिन हर राज्य से महज़ कुछ लोगों को ही मौक़ा मिल पाता है। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा शुरू की गई पहले नेशनल क्रिकेट अकेडमी के स्तर की होगी। ताकि बेहतर कोचिंग से बेहतर खिलाड़ी तैयार किए जा सके। टी-20 बिगाड़ रहे टेक्निक उन्होंने कहा कि टी-20 फॉरमेट के माध्यम से पिछले कुछ सालों में बड़ी संख्या में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी पहुंचे हैं। लेकिन क्रिकेट का यह प्रारूप खेल से जुड़ी टेक्निक को बिगाड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब टेस्ट मैच खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए काफ़ी मुश्किल नज़र आ रहा है। ऐसे में इस बारे में ICC को भी सोचना चाहिए।


