इंदौर का सबसे गर्म दिन। मंगलवार दोपहर का समय। तापमान 41 डिग्री। भीषण गर्मी में एक बुजुर्ग दंपती प्लॉट पर कब्जे की शिकायत लेकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचे। वे इतने दुखी और परेशान थे कि कलेक्टोरेट के मेन गेट से पोर्च तक लोट लगाकर पहुंचे। बाहर पुलिसकर्मियों और लोगों ने उन्हें समझाइश भी दी। दंपती का कहना था कि बहुत हो चुका। हमारी कहीं सुनवाई नहीं होती। हम लेटकर ही अंदर जाएंगे और कलेक्टर से गुहार लगाएंगे। दो युवकों ने प्लॉट पर किया कब्जा
दंपती रामचरण बागवान तेजाजी नगर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उनके प्लॉट पर दो साल से शेखर और गोलू नाम के युवकों ने जबरन कब्जा कर रखा है। विरोध करने पर वे जान से मारने की धमकी देते हैं। हमने पुलिस और प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन न्याय नहीं मिला। कहा- आज अगर हमारी सुनवाई नहीं हुई तो हम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुहार लगाएंगे। दो साल से चक्कर काटकर परेशान
दंपती की पीड़ा यह थी कि वे दो साल चक्कर काटकर परेशान हो गए हैं। अब गुहार का यही तरीका बचा है ताकि किसी तरह उन्हें न्याय मिल सके। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उन्हें समझाया कि वे अंदर जाए लेकिन इस तरीके से नहीं। इसके बाद वे मुश्किल माने और चलकर अंदर गए। अफसरों ने दिया कल तक का आश्वासन
हालांकि जब वे अंदर पहुंचे तो कलेक्टर आशीष सिंह नहीं थे। दंपती ने वहां अधिकारियों को शिकायत की। अधिकारियों ने बताया कि मामला पुलिस से संबंधित है लेकिन पुलिस-प्रशासन द्वारा हरसंभव उनकी मदद की जाएगी। उन्हें गुरुवार तक का आश्वासन दिया। इसके बाद वे रवाना हुए। बहरहाल, मामला पुलिस को रेफर किया जा रहा है। टीआई ने कहा- युवकों से हो रही पूछताछ तेजाजी नगर थाना टीआई आदित्य सिंघानिया ने बताया कि रामचरण बागवान दंपती का मामला मेरी जानकारी में है। उन्होंने इस मामले में कुछ समय पहले शिकायत की है। जिसकी जांच की जा रही है। इसमें कॉलोनाइजर और धमकाने वाले दोनों व्यक्तियों से भी पूछताछ कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।