भास्कर न्यूज | देवरी-चांपा ग्राम पंचायत कुम्हारीकलां में 6 अप्रैल रविवार से अखंड नवधा रामायण की शुरुआत हुई। इस धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य पंडित कोमल प्रसाद पांडेय ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ की। रामायण पाठ के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था देखने को मिल रही है। इसके चलते बड़ी संख्या में भक्त इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। अखंड नवधा रामायण का आयोजन लगातार नौ दिनों तक चलेगा। इसमें हर दिन श्रीरामचरितमानस का पाठ किया जाएगा। आयोजन स्थल पर भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचनों की आवाज से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। मानस गायन का समापन 15 अप्रैल मंगलवार को होगा। 16 अप्रैल बुधवार को चढ़ौती, हवन, पूर्णाहुति और सहस्त्रधारा का आयोजन किया जाएगा।