गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बढ़ती गर्मी के साथ जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मरवाही वन मंडल के कई क्षेत्रों में आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे वन्य जीवों का पलायन आबादी वाले क्षेत्रों की ओर हो रहा है। मरवाही वनमंडल के विभिन्न रेंज में आग की स्थिति गंभीर है। मरवाही रेंज में दानीकुंडी और ढपनी पानी के जंगलों में आग लगी। गौरेला रेंज में आमाडोब, तवाड़बरा डबरा और केंवची के जंगल प्रभावित हुए। पेंड्रा रेंज के रामगढ़ में भी आग लगी। सबसे ज्यादा प्रभावित खोडरी रेंज है, जहां सात से अधिक जंगलों में आग लगी। इनमें पूटा, आमगांव, कोटमी खुर्द, उमरखोही, जोगीसार और करगीखुर्द शामिल हैं। इस मौसम में अब तक 50 से अधिक स्थानों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। तेज हवा के कारण फैलती है आग की लपटें भालू प्रभावित क्षेत्रों में भी भीषण आग देखी गई है। वन्य जीव भोजन और पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों में आ रहे हैं। तेज हवा के कारण आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं। फायर वाचर्स ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। जंगल से सटे घरों को आग से बचा लिया गया।


