संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर पर बुलडोजर चला। प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने शुक्रवार दोपहर घर के बाहर बनी सीढ़ियों को ध्वस्त कर दिया। सांसद पर 24 घंटे में यह पांचवी कार्रवाई है। इससे पहले बिजली विभाग ने छापेमारी की, सांसद बर्क पर बिजली चोरी की FIR कराई, फिर उनके पिता पर अफसरों को धमकाने का केस दर्ज हुआ, घर का कनेक्शन काटा, अब उनके घर बुलडोजर चला है। ईधर, शाही जामा मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस फोर्स ने गले में भगवा गमछा डालकर पहुंचे एक युवक को हिरासत में लिया। युवक अजय शर्मा मस्जिद से 250 मीटर दूर कोट पूर्वी मोहल्ले का रहने वाला है। उसने पहले मस्जिद की सीढ़ियों पर माथा टेका, फिर अंदर जाने लगा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण विश्नोई मस्जिद पहुंच गए। ASP संभल श्रीश चंद्र ने कहा, ‘पकड़ा गया युवक मानसिक रूप से ठीक नहीं है। वह आम रास्ते से गुजर रहा था, उसे रोका गया और उससे पूछताछ की जा रही है।’ सांसद के घर पर कार्रवाई की 3 तस्वीरें सांसद बर्क पर 1.91 करोड़ का जुर्माना लगाया
बिजली विभाग ने 19 दिसंबर (गुरुवार) को बर्क के खिलाफ बिजली चोरी की FIR दर्ज की थी। घर का कनेक्शन भी काट दिया था। शाम को उन पर 1.91 करोड़ जुर्माना लगाया। बिजली विभाग के इंजीनियर विनोद कुमार गुप्ता ने बताया- सांसद बर्क के घर पर 2-2 किलोवॉट के दो कनेक्शन थे। एक सांसद के नाम से और दूसरा इनके दादा जी के नाम से था। 6 महीने की इनकी बिजली खपत जीरो आ रही थी। इसके बाद 2 दिन पहले हमने स्मार्ट मीटर लगवाया। गुरुवार सुबह घर की चेकिंग की गई। जांच में बर्क के घर पर 16 किलोवॉट बिजली की खपत मिली। मीटर की जांच रिपोर्ट में दोनों पुराने मीटरों में छेड़छाड़ करके बिजली चोरी की बात सामने आई। इसके बाद बिजली चोरी की धारा-135 के तहत बर्क के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। आगे बढ़ने से पहले पोल में हिस्सा लेकर राय दें… सांसद के पिता ने धमकाया- सरकार आई तो तुम्हारा कबाड़ा कर देंगे
सपा सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क के खिलाफ जूनियर इंजीनियर वीके गंगल और अजय शर्मा ने जांच के दौरान धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने नखास थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि हम सांसद बर्क के घर में बिजली उपकरणों की जांच कर रहे थे तो उनके पिता ने हमसे कहा- हमारी सरकार आई तो तुम लोगों का कबाड़ा कर देंगे। बर्क ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की
सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को गिरफ्तारी का डर सता रहा है। बर्क ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने कहा है कि वह एक पढ़े लिखे और शिक्षित सांसद हैं, आशंका जताई है कि पुलिस उन्हें कभी भी गिरफ्तार कर सकती है। सांसद ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की है। FIR को रद्द करने के लिए भी कहा है। बर्क की याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई हो सकती है। केशव मौर्य बोले- जो सपा से जुड़ा, उसके यही संस्कार
सांसद बर्क पर बिजली विभाग की कार्रवाई पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘शांति व्यवस्था बनाए रखना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। जहां तक सपा के सांसद (जिया उर रहमान बर्क) के बिजली चोरी की बात है, विभाग ने जुर्माना लगाया है। जुर्माना सांसद को भरना चाहिए। समाजवादी पार्टी से जो भी जुड़ा होता है, उसके यही संस्कार होते हैं।’ ……………………………………………………. सांसद बर्क से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें सपा सांसद बर्क का बिजली बिल जीरो…घर पहुंचे अफसर:संभल में दो मीटर बदले; पिता बोले- सुई का फावड़ा बना रहे संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर पर बिजली विभाग ने मीटर लगा दिया है। इस दौरान बर्क के घर पर बिजली विभाग की टीम के साथ पुलिस फोर्स भी पहुंची। पुलिस फोर्स का नेतृत्व एएसपी राजेश एस. और सीओ अनुज चौधरी कर रहे थे। (पूरी खबर पढ़ें)


