झारखंड के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय प्रबंधन ने कड़ी कार्रवाई की है। शिक्षकों के बीच गुटबाजी और अनुशासनहीनता के चलते तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। विद्यालय प्रबंधन समिति के सभापति संतोष उरांव ने बताया कि रसायन विज्ञान के शिक्षक रवि प्रकाश सिंह बिना अनुमति उच्चाधिकारियों से मिल रहे थे। वे प्राचार्य और समिति सभापति को बाईपास कर सीधे शिकायतें भेज रहे थे। विद्यालय के खिलाफ भ्रामक पोस्ट कर रहे थे कला शिक्षक अतुल रंजन एक्का और गणित शिक्षक राकेश कुमार सोशल मीडिया पर विद्यालय के खिलाफ भ्रामक पोस्ट कर रहे थे। राकेश कुमार कक्षाओं में अनुपस्थित रहते थे और शैक्षणिक दायित्वों की उपेक्षा करते थे। सभापति ने कहा कि शिक्षकों की इन गतिविधियों से छात्रों का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ है। अगर निलंबित शिक्षक अपने आचरण में सुधार नहीं करेंगे, तो उनके खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी। इधर, विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा और शैक्षिक माहौल को बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नेतरहाट थाना प्रशासन को भी स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रबंधन को उम्मीद है कि इन कदमों से विद्यालय का वातावरण जल्द सामान्य होगा।


