राजनांदगांव के युवा ब्लॉकचेन डेवलपर मनीष सिंह को 2 बड़े अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स- ETH वियतनाम 2025 और क्रिप्टो दुबई एक्सपो 2025 में हिस्सा लेने न्योता मिला है। यह आमंत्रण उनके इनोवेशन, तकनीकी समझ और ब्लॉकचेन क्षेत्र में किए गए बेहतरीन काम को देखते हुए दिया गया है। ETH वियतनाम 24-25 मई को आयोजित होना है। वहीं क्रिप्टो दुबई एक्सपो 21-22 मई को आयोजित होगा। इन इवेंट में दुनियाभर के टेक लीडर्स, डेवलपर्स, इनोवेटर्स और इनवेस्टर्स जुटते हैं। यहां वेब3, मेटावर्स, AI और खास तौर पर ब्लॉकचेन तकनीक पर चर्चा होती है। इवेंट में इथेरियम ब्लॉकचेन के फाउंडर विटालिक ब्यूटिरिन जैसे नाम शामिल होंगे। मनीष सिंह (26) पहले इंटरनेशनल ब्लॉकचेन ट्रैवल कंपनी के साथ बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर काम कर चुके हैं। पिछले कुछ सालों से वे ट्रैवल और ब्लॉकचेन तकनीक को मिलाकर कई इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं, जिसमें TRIPARA प्रमुख नाम है। अब वे इन प्रतिष्ठित मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और अपने अनुभव शेयर करेंगे। मनीष ने बताया कि उन्होंने रायपुर के निजी कॉलेज से MCA (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) की पढ़ाई की है। जिसके बाद से वे ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी पर लगातार काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि टेक्नोलॉजी सिर्फ एक सॉल्यूशन नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी को आसान और बेहतर बनाने का जरिया होनी चाहिए।


