कोंडागांव में सुशासन तिहार और राजस्व पखवाड़े के दौरान प्रभारी सचिव भीम सिंह ने विभिन्न स्थलों का दौरा किया। उन्होंने जिला कार्यालय में स्थापित समाधान पेटी का निरीक्षण किया। कलेक्टर कुणाल दुदावत की उपस्थिति में उन्होंने अधिकारियों को हर आवेदन पर पावती रसीद देने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने ग्राम पंचायत मसौरा का दौरा किया। यहां उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। आवास योजना और महतारी वंदन योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों की जांच की। प्रभारी सचिव ने ग्रामीणों से की बातचीत ग्रामीणों से सीधे संवाद में उन्होंने कहा कि लोग अपनी समस्याएं स्पष्ट रूप से लिखकर समाधान पेटी में डालें। सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। गांव में महिला स्व-सहायता समूहों से भी मुलाकात की गई। बीसी सखी सीमा मरकाम ने बताया कि समूह से जुड़कर उन्होंने कृषि कार्य शुरू किया और अब वे ‘लखपति दीदी’ बन गई हैं। प्रभारी सचिव ने इसे प्रेरणादायक बताया। प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि जो नागरिक स्वयं आवेदन नहीं लिख सकते, उनकी मदद की जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है।


